नई दिल्ली: दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग प्रदर्शनकारी के पिता पर हमला कर घायल करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आज स्वतंत्र भारद्वाज की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया.
कोर्ट ने भारद्वाज को 6 सितंबर को 7 सितंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेजा था, उसके पहले वो एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था. स्वतंत्र भारद्वाज को यूपी के बुलंदशहर से 4 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था. आज ही दिल्ली हाईकोर्ट स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करने वाला है.
स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी तब हुई थी जब उसने एक पॉडकास्ट में इस बात को स्वीकार किया था कि उसने एक प्रदर्शनकारी छात्रा के पिता के सिर पर हमला किया.इस पॉडकास्ट के बाद CJP और कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद ही पॉडकास्ट पर आरोप कबूल किया है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए.
इस प्रदर्शन के बाद स्वतंत्र भारद्वाज को यूपी के बुलंदशहर में गिरफ्तार किया गया था. स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो कानून और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है.जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान CJP ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग सादी वर्दी में लाठी और डंडे लेकर आए थे और प्रदर्शनकारियों पर हमलों को अंजाम दिया था. इस प्रदर्शन के दौरान की स्वतंत्र भारद्वाज की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थी.
comments (0)
Login or Register to leave a comment.